झारखंड फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज

मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का हरिवंश टाना भगत स्टेडियम। दिन: शुक्रवार। समय: दोपहर एक बजे। मंच सजा है, रंग-बिरंगी लाइटें जल रही हैं। कुर्सियों पर लोग बैठे हैं। पर यहां इस बार कोई खेल आयोजन नहीं बलि्क झारखंड के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का आगाज हो रहा है। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बॉलीवुड के मशहूर कलाकार अमोल पालेकर, संजय मिश्रा, अखिलेंद्र मिश्रा, यशपाल शर्मा, शर्मा, ईरान फिल्म सोसाइटी की राजदूत प्रसिद्ध ईरानी मॉडल व अभिनेत्री लेइली वलीपॉर और पोलैंड की अभिनेत्री व मिस पोलैंड रह चुकीं नतालिया, कोलंबिया की भारत में कांसुलेट जेनरल स्टेविन सांचेज सहित कई नामचीन कलाकार हैं। सभी ने झारखंड को सजदा किया। जोहार झारखंड, झारखंड को नमन… के साथ फेस्टिवल का आगाज हुआ।

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आगाज हुआ तो फिल्मी सितारों से रांची का खेलगांव रौशन हो उठा। लोक कलाकारों के साथ बॉलीवुड के कलाकार एक मंच पर आए। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, अभिनेता अमोल पालेकर, संजय मिश्र, अखिलेंद्र मिश्र, यशपाल शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। मांदर, नगाड़ा और तुरही के साथ-साथ झारखंडी नृत्य-संगीत से सजे समारोह का देश-विदेश से आए कलाकारों और राजनयिकों ने तहे दिल से इस्तकबाल किया। अतिथियों ने नगाड़ा बजाकर अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर झारखंड के कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।

100 नगाड़ों की थाप से गूंजा उठा स्टेडियम

उद्घाटन समारोह में लोक कलाकार नंदलाल नायक की टीम ने 100 नगाड़ों की थाप से कार्यक्रम का आगाज किया। इससे पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इसके बाद छऊ नृत्य की प्रस्तुति ने मेहमानों को झारखंड की लोककला से परिचित कराया। गणेश वंदना के बाद विपुल नायक और उनकी टीम ने शक्ति तू.. सरस्वती तू.. नारी तू.. के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की आवाज बुलंद की। मंच संचालन शिखा मल्होत्रा और रवि प्रकाश ने किया।

मैं फिल इन द ब्लैंक्स की तरह उपयोग होता हूं : अर्जुन मुंडा

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मैं फिल इन द ब्लैंक्स (खाली जगह भरने) की तरह उपयोग होता हूं। आज भी अचानक मुख्य अतिथि बना दिया गया। मुख्यमंत्री बना था तब भी मैं इसी तरह उपयोग हुआ था। उपयोगी होना अच्छी बात है। दूसरों का सम्मान करना भी सम्मान की बात होती है। उन्होंने कार्यक्रम में अव्यवस्था का जिक्र करते हुए इशारे-इशारे में सरकार को भी संदेश दिया कि इतने बड़े आयोजन में सभी को मिलकर साथ चलना चाहिए था। उन्होंने पहली बार हो रहे आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। कहा कि आयोजन नई शादी की तरह होता है, लोगों का जुटान होता है। अच्छी व्यवस्था से कार्यक्रम सफल होता है। कहा कि सीएम रहते हुए मैंने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का उद्घाटन किया था। आज यहां बड़े आयोजन हो रहे हैं, इसका सही इस्तेमाल हो रहा है।

इन फिल्मों की हुई स्क्रिनिंग

सम्मान समारोह के बाद झारखंड की पहली बॉलीवुड फिल्म ‘लोहरदगा से फिल्म स्क्रीनिंग की शुरुआत हुई। जैसे ही स्क्रीन पर ‘नन्दलाल नायक और मधु मंसूरी’ स्टार कास्ट का नाम आया तो तालियों की गड़गड़ाहट से टाना भगत इंडोर स्टेडियम गूंज उठा। फिल्म का थीम लोगों को काफी पसंद आया। इसके बाद गांव, सतरंगी, महुआ समेत अन्य अन्य फिल्में दिखाई गईं।

फैशन शो में दिखी झारखंडी संस्कृति

फिल्म फेस्टिवल के दूसरे सत्र में फैशन शो हुआ। इसमें युवक-युवतियों ने झारखंडी सिल्क, खादी के वस्त्र पेश किए। वहीं कई डिजायनरों ने भी अपने डिजायनर कपड़ों का प्रदर्शन किया। दूसरी ओर डॉ राम दयाल मुंडा कलाभवन के विभिन्न सभागार में रिजनल फिल्मों की स्क्रिनिंग की गई। देर रात तक करीब 30 फिल्में दिखाई गईं। इनमें हे पासी, छठ, एस ए वुमन, पानी, साइलेंट लव, उत्पीड़न, डेथ बिफोर बॉर्न समेत अन्य फिल्म शामिल थीं। इसके अलावा एनएसडी से आए थियेटर कलाकारों ने प्रदेश के कलाकारों को अभिनय और नृत्य की बारीकियां बताईं। देर शाम टैलेंट हंट का आयोजन हुआ। इसमें कार्यशाला में सिखायी कला और खुद की तैयारी के आधार पर युवाओं ने प्रस्तुति दी।

सेल्फी जोन का उठाया आनंद

फिल्म फेस्टिवल यादगार बने इसके लिए टाना भगत इंडोर स्टेडियम के बाहर वर्चुअल रिएलिटी एक्सपिरियंस जोन बनाया गया है। इस जोन को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले जोन में लोग अपने पसंदीदा सेलिब्रिटी के साथ सेल्फी क्लिक कर सकते हैं। यह सेल्फी केवल खास एप जीफ्फा 2018 से ही ली जा सकती है। वहीं दूसरा वर्चुअल डांसिंग जोन है। इसमें लोग सेलिब्रिटी के साथ वर्चुअली डांस कर सकते हैं। स्टॉल तक पहुंचने वाले युवाओं ने एप की मदद से जमकर सेल्फी ली।

विदेशी अतिथियों का हुआ स्वागत

फेस्टिवल में शामिल होने कोलंबिया के भारत में कांसुलेट जेनरल स्टेविन सांचेज पहुंचे थे। इसके अलावा ईरान फिल्म सोसाइटी की राजदूत व प्रसिद्ध ईरानी मॉडल व अभिनेत्री लेइली वलीपॉर और पोलैंड की अभिनेत्री व मिस पोलैंड रह चुकीं नतालिया भी आईं थीं। अतिथियों को अर्जुन मुंडा ने सम्मानित किया और भारत आगमन के लिए धन्यवाद कहा।