लोहरदगा में लगा बॉलीवुड के कलाकारों का जमावड़ा

लोहरदगा। जिले में इन दिनों बॉलीवुड के कलाकारों के अभिनय को देखने के लिए लोगों की भीड़ जगह-जगह जमा हो रही है। लोहरदगा में ‘मनु का सरेंडर’ नामक फिल्म की शूटिंग की जा रही है। पिछले दस दिनों से इस फिल्म की शूटिंग हो रही है। इस फिल्म के निदेशक लोहरदगा जिले के हेसापीढ़ी गांव निवासी लाल विजय हैं। फिल्म में बॉलीवुड के मशहूर कलाकार संजय मिश्रा और अखिलेंद्र मिश्रा महत्वपूर्ण रोल निभा रहे हैं। डायरेक्टर लाल विजय ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए एक्टर विजय राज भी लोहरदगा आने वाले हैं। फिल्म के निर्देशक लाल विजय शाहदेव ने बताया कि फिल्म की कहानी वास्तविकता पर आधारित है एवं यह झारखंड से जुड़ी है। इस फिल्म में सभी कलाकार स्थानीय हैं तथा बेहतरीन अदाकार हैं। इस तरह की फिल्म अब तक नहीं बनी है। फिल्म में मनोरंजन के साथ-साथ समाज से जुड़े मुद्दे को सशक्त तरीके से फिल्माया गया है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म सराहने लायक बनेगी। इससे पूर्व पिछले साल शाहदेव द्वारा निर्मित लघु फिल्म द साइलेंट स्टेच्यू को फ्रांस के कान फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होने का मौका मिला था। सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर शाहदेव सीरियल बनाते रहे हैं। हाल में डीडी किसान पर इनका सीरियल सलाम इंडिया काफी लोकप्रिय हुआ।

For complete details click here.